शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने अनुशासनहीनता और महिला से गलत आचरण के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अवर निरीक्षक अमरनाथ कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उस दौरान एक महिला ने उन पर बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देने और शोषण करने के गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी द्वारा विस्तृत जांच कराई गई थी, जिसमें महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई और एसआई के आचरण को पुलिस सेवा की गरिमा के विरुद्ध पाया गया। एसपी की अनुशंसा के आधार पर ही डीआईजी ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया। डीआईजी के अनुसार, अमरनाथ के इस कृत्य से न केवल पीड़ित महिला को आघात पहुंचा, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल हुई है। पुलिस बल में ऐसे आचरण के लिए कोई स्थान नहीं है और यह कार्रवाई अन्य पुलिसकर्मियों के लिए एक सख्त संदेश है।
