February 18, 2026
police

बिहार की राजधानी के बेहद पॉश इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब बैक टू बैक 7 राउंड फायरिंग की सूचना सामने आई. घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड चौराहा के पास स्थित पाटलिपुत्र होटल के सामने की है. गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को देर रात गोलीबारी की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, इस गोलीबारी की घटना में एक युवक को तीन गोलियां लगी हैं. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है. डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. घायल युवक की पहचान और घटना के कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है.
कोतवाली लॉ एंड ऑर्डर के एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि सोमवार की देर रात करीब 10 से 15 लोग एकत्रित हुए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. विवाद के बाद ही गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.

”प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या विवाद का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. मामले में पुलिस ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और शामिल लोगों की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.”- कृष्ण मुरारी प्रसाद, एएसपी, कोतवाली लॉ एंड ऑर्डर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *