किशोर हैं दोनों जख्मी, पंडारक के लमुआबाद में हुई घटना बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के पंडारख थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की एक घटना से दहशत फ़ैल गई. यह इलाका मोकामा विधायक अनंत सिंह का निर्वाचन क्षेत्र भी है.
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के लेमुआबाद गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। घायल युवक की पहचान अमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन गांव में आयोजित एक श्राद्ध कर्म में शामिल हो रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर गोली चला दी। गोली अमन की बांह में लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल अमन को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। एक्स-रे जांच में अमन की बांह में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई है। दिनदहाड़े कई लोगों की मौजूदगी में हुई इस गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में इस तरह की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं सूचना मिलने के बाद पंडारक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
