March 13, 2026
NEWSX 1

जिला बल में योगदान करने वाले नवनियुक्त सिपाहियों से मेडिकल फिटनेस के नाम पर प्रति सिपाही 25 सौ रुपये की अवैध वसूली करने वाले सार्जेन्ट (प्रा.अ.नि. परिचारी) सुमित कुमार को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जेल भेज दिया। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस लाइन में पदस्थापित सार्जेन्ट सुमित के पास से सिपाहियों से अवैध वसूली के 36 हजार रुपये भी बरामद हुए।

उन्हें तत्काल निलंबित करते हुए पूरबसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद सार्जेन्ट सुमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि जिला बल में योगदान करने पहुंचे नवनियुक्त सिपाहियों से अवैध वसूली की शिकायत 11 जून को उन्हें प्राप्त हुई।

उन्होंने पुलिस लाइन के पुलिस उपाधीक्षक को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। मिली जानकारी के अनुसार रिपोर्ट में सार्जेन्ट सुमित कुमार पर नवनियुक्त सिपाहियों से मेडिकल फिट कराने के नाम पर लगा अवैध वसूली का आरोप सत्य पाया गया। एसपी ने बताया कि मुंगेर जिला बल में 334 नए सिपाही योगदान के लिए पहुंचे थे। इनमें से 60 सिपाही को सार्जेन्ट द्वारा मेडिकल में फेल बताते हुए पास कराने के नाम पर 25 सौ रुपये प्रति जवान मांगे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *