जैसे-जैसे तकनीकी नवाचार ने डेटा बनाने और उसकी उपयोगिता बढ़ाने की रफ्तार तेज की है, वैसे ही बड़े पैमाने पर कुशल और उम्दा प्रदर्शन वाले स्टोरेज समाधानों की जरूरत भी बढ़ गई है। आज, सीगेट टेक्नोलॉजी (NASDAQ: STX) ने अपनी नई पीढ़ी के मोज़ैक™ 4+ (Mozaic™ 4+) प्लेटफॉर्म की घोषणा की है। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा स्टोरेज प्लेटफॉर्म है जो HAMR (हीट-असिस्टेड मैग्नेटिक रिकॉर्डिंग) तकनीक पर आधारित है और जिसका बड़े स्तर पर इस्तेमाल हो रहा है। यह अब दो बड़ी हाइपरस्केल क्लाउड कंपनियों के साथ पूरी तरह प्रमाणित हो चुका है और इसका उत्पादन भी शुरू हो गया है। यह प्लेटफॉर्म 44TB तक की क्षमता वाली हार्ड ड्राइव को सपोर्ट करता है, जो दिखाता है कि बड़े डेटा सेंटरों में अब इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जा रहा है।
अभी अन्य ग्राहकों के साथ भी इसके प्रमाणीकरण की प्रक्रिया चल रही है। सीगेट अपने रोडमैप पर तेज़ी से काम कर रहा है, जिसके तहत आज के 4+TB प्रति-डिस्क की क्षमता को भविष्य में 10TB प्रति-डिस्क तक ले जाने का लक्ष्य है – जिससे हार्ड ड्राइव की कुल क्षमता 100TB तक पहुंच सकेगी। इस प्लेटफॉर्म में अगली पीढ़ी का ‘सस्पेंशन आर्किटेक्चर’ और एक उन्नत ‘सिस्टम-ऑन-ए-चिप’ (SoC) शामिल है। यह तकनीक बहुत अधिक डेटा घनत्व होने पर भी सटीक रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करती है और एंटरप्राइज-ग्रेड विश्वसनीयता बनाए रखती है। इस प्लेटफॉर्म की हर नई पीढ़ी, बिना किसी बड़े बुनियादी बदलाव के स्टोरेज क्षमता में निरंतर वृद्धि करने की सुविधा देती है।
सीगेट के चेयरमैन और सीईओ डेव मॉस्ले ने कहा, “आज डेटा कंपनियों के लिए सबसे कीमती संपत्ति बन गया है, जो बिजनेस को नई दिशा देने, उत्पादकता बढ़ाने और बाजार में बढ़त दिलाने में मदद करता है। आधुनिक डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर की नींव के रूप में, बढ़ते डेटा को संभालने और आज की AI- संचालित दुनिया में निवेश पर बेहतर रिटर्न (आरओआई) पाने के लिए स्टोरेज समाधान बेहद जरूरी हैं। सीगेट के HAMR-आधारित मोज़ैक उत्पाद ग्राहकों को वह स्केल, परफॉरमेंस और दक्षता देते हैं, जिसकी उन्हें अपने डेटा की पूरी क्षमता का लाभ उठाने के लिए जरूरत है।” दुनिया के अधिकांश सबसे बड़े क्लाउड स्टोरेज प्रदाताओं ने पहले ही सीगेट के मोज़ैक प्लेटफॉर्म को प्रमाणित कर दिया है। यह उपलब्धि डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर में इस प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।
