March 9, 2026
image (5)

सारण में अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीम पर हमले की घटनाएं नई नहीं हैं। पूर्व में भी खनन विभाग और पुलिस पर बालू माफिया द्वारा हमला किया जा चुका है।
रविवार की सुबह छपरा शहर के जगदम कॉलेज रेलवे ढाला के पास फिर ऐसा ही मामला सामने आया, जब अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने गई खनन विभाग की टीम और पुलिस पर माफिया ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने सरकारी स्कॉर्पियो वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और कई पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सात बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़कर नगर थाने में जब्त कर लिया है। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे खनन विभाग को सूचना मिली कि ढाला की ओर से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही खनन निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ स्कॉर्पियो से उसका पीछा करते हुए जगदम कालेज रेलवे ढाला के पास पहुंचे। जैसे ही टीम ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, पहले से घात लगाए करीब 15 से 20 की संख्या में मौजूद लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावरों ने स्कॉर्पियो को चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ प्रहार कर वाहन के शीशे और बॉडी को तोड़ दिया। अचानक हुए हमले से टीम के सदस्यों को कुछ देर तक संभलने का मौका नहीं मिला और उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए गाड़ी के अंदर ही बैठना पड़ा।हमले के बाद सभी हमलावर ट्रैक्टर लेकर बीन टोलिया गांव की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने के एसआई मृत्युंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

इसके अलावा घटनास्थल के पास से एक व्यक्ति का मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसका कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाल कर जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *