March 13, 2026
moti hari

संगठित अपराध मामले में मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में एसआईटी ने छापेमारी कर मेयर पति देवा गुप्ता के शागिर्द के घर से नगालैंड की अवैध राइफल, 33 कारतूस व दो हथियार के लाइसेंस बरामद किये हैं। पुलिस ने लैपटॉप, पेन ड्राइव, अहम दस्तावेज व भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की है।

एएसपी सह सदर डीएसपी शिवम धाकड़ ने छतौनी थाने में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि शहर के बड़े भू-माफिया और संगठित अपराध के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने को लेकर नगर थाने में सोमवार को एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद सोमवार रात एसआईटी ने देवा गुप्ता व अन्य आरोपितों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

इस दौरान देवा के शागिर्द छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया वार्ड सात निवासी चुमन पटेल के घर से नगालैंड की अवैध राइफल, 33 कारतूस, राइफल व रिवॉल्वर के लाइसेंस बरामद किये गये हैं। एएसपी ने बताया कि देवा गुप्ता व उसके शागिर्दों पर एफआईआर दर्ज हुई है। एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि एसआईटी ने मोतिहारी शहर के अलावा छतौनी, मुफस्सिल, चिरैया व गोविंदगंज थाना क्षेत्र में 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। चुमन के घर में छापेमारी के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी विनय कुमार यादव के नाम की राइफल बरामद की गई। विनय के नाम से दीमापुर से निर्गत लाइसेंस भी बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे प्रदेश का हथियार रखना अवैध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *