February 20, 2026
asi

शिकारपुर थाने के जयमंगलापुर गांव में धोखाधड़ी के एक मामले में बुधवार को नोटिस देने गई पुलिस पर हमला कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने हमलावर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित गांव निवासी रूनझुन उपाध्याय बताया गया है।

पुलिस ने उसे अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर बेतिया रेफर कर दिया गया है। पुलिस पर हमला मामले में एसआइ विपिन कुमार ने शिकारपुर थाने में प्राथमिकी कराई है। बताया गया कि रूनझुन उपाध्याय पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इस मामले में एसआइ नोटिस देने के लिए उसके घर गए थे, लेकिन आरोपित ने एसआइ पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और धक्का-मुक्की की गई।

थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि आरोपित रूनझुन उपाध्याय को पकड़ कर थाना लाया गया तो अचानक उसने सीने में दर्द होने की शिकायत की। उसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ तो बेतिया में उपचार कराया जा रहा है। अभी वह ठीक है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित पर शिकारपुर एवं गौनाहा थाने में आधा दर्जन से अधिक मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *