
बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित सोती पुल पड़िया गांव में शनिवार की रात लूटपाट के आरोपित देवराज कुमार उर्फ देबू को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार वालों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जाम हटाने गई पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें दो महिला सिपाहियों सहित चार पुलिस कर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने पत्थरबाजी कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया। इस संबंध में थाना में मामला दर्ज कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने बताया कि सोती पुल गांव के स्व. धनंजय यादव का पुत्र देवराज उर्फ देबू एक मामले में आरोपित है। बरियारपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपित के स्वजन ने सड़क जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया गया।
इधर, स्वजन संजय यादव ने पुलिस पर बल पूर्वक महिलाओं, बच्चों तथा पुरुष सदस्यों के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। रविवार को सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि शनिवार की रात बरियारपुर थाने की पुलिस ने पड़िया गांव में छापेमारी कर वारंटी देवराज कुमार उर्फ देबू को गिरफ्तार कर थाना लाया। इसी दौरान सूचना मिली कि बरियारपुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग को स्वजन और ग्रामीणों ने जाम कर दिया है सूचना पर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ पहुंचे।