राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने राष्ट्रीय कोचेज कोर्स का उद्घाटन किया. सात दिवसीय आयोजन में पांच राज्यों जैसे झारखंड, ओडि़शा, बिहार, छत्तीसगढ़ व पश्चिम बंगाल के 33 कोच भाग ले रहे हैं. इस मौके पर राष्ट्रीय राइफल संघ के राष्ट्रीय महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि देश में शूटिंग खेलों की लोकप्रियता भी लगातार बढ़ रही है. 2025 में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में देशभर से 19,500 से अधिक खिलाडिय़ों ने भाग लिया. झारखंड में भी इस खेल के प्रति रुचि बढ़ रही।
इस मौके पर बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि इस कोर्स का उद्देश्य राइफल और पिस्टल शूटिंग में कोचिंग के स्तर को मजबूत करना व जमीनी स्तर पर अधिक प्रशिक्षित कोच तैयार करना है. उन्होंने झारखंड राज्य राइफल संघ के अध्यक्ष दिवाकार सिंह समेत पूरी राज्य इकाई को जमशेदपुर में इस कोर्स के सफल आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि नए क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन खेल के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि दिवाकर सिंह व राज्य राइफल संघ ने इस कोर्स की मेजबानी कर एक बहुत सकारात्मक कदम उठाया है जिससे इससे जमीनी स्तर पर मजबूत कोचिंग व्यवस्था विकसित होगी और राज्य के युवा निशानेबाजों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
झारखंड के सभी जिले में शूटिंग खेलों को बढ़ावा देना लक्ष्य : दिवाकर
झारखंड राज्य राइफल संघ के अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने एनआरएआई की ओर से जमशेदपुर में इस कोर्स की मेजबानी करने पर खुशी जतायी. उन्होंने कहा कि झारखंड में 26 वर्षों बाद एनआरएआई कोचेज कोर्स की मेजबानी करना गर्व की बात है. यह कार्यक्रम जिले के स्थानीय कोचों को पेशेवर ज्ञान प्रदान करेगा व राज्य के युवा निशानेबाजों के प्रशिक्षण स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेगा. उन्होंने कहा कि राज्य संघ का लक्ष्य झारखंड के प्रत्येक जिले में शूटिंग खेल को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य शूटिंग को अधिक लोकप्रिय व सुलभ बनाना है. एनआरएआई के सहयोग से राज्य के अलग-अलग जिलेे प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की पहचान करेंगे और उन्हें आगे बढऩे के अवसर प्रदान करेंगे।
