
रूसी संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन ने मंगलवार को कहा कि भारत और उनके देश के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2030 तक 100 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि वोलोडिन ने यह टिप्पणी महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन के साथ मुंबई के राजभवन में एक बैठक के दौरान की। बैठक में वोलोडिन के नेतृत्व में विभिन्न पार्टी समूहों के रूसी सांसद मौजूद थे। बयान में कहा गया है, “वोलोडिन ने राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर संसदीय संस्थानों के साथ सहयोग विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत राज्य एक मजबूत राष्ट्र बनाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2030 तक 100 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा।”