
पीने से मना करने पर आरोपितों ने परिवार के सदस्यों से मारपीट की, उन पर तेजाब से हमला कर दिया। हमले में नौ लोग झुलस गए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन अब भी अस्पताल में इलाजरत हैं। घटना अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या एक की है। पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें दो महिलाएं हैं। सीमांचल में स्मैक की उपलब्धता के साथ ही यूं तेजाब का इस्तेमाल गंभीर सवालों को जन्म दे रहा है। पीड़ित पक्ष से शिवनारायण यादव ने बताया कि बुधवार को महेश साह अपने दोस्त प्रभु साह, कन्हैया व गुड्डू के साथ उनकी कामत (बासा)पर स्मैक पी रहा था।
उनके भतीजे रंजीत ने उन्हें वहां पर स्मैक पीने से मना किया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपित वहां से चले गए। कुछ देर बाद उनका नाती सोनू कुमार साइकिल से महेश की घर की ओर से आ रहा था। महेश ने रास्ते में रोककर उसे डंडे से पीटा और साइकिल भी तोड़ दी। कुछ बच्चों ने घर आकर सोनू की पिटाई की सूचना दी। इस पर घर के लोग वहां पहुंचे। लोगों को आता देख महेश ने घर की ग्रिल गेट बंद कर ली और छत पर चला आया। परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर महेश ग्लास से उन लोगों पर तेजाब फेंकने लगा। पहले तो उन्हें
कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन तेजाब पड़ते ही शरीर बुरी तरह से जलने लगा। वे लोग किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे। एसपी अंजनी कुमार ने कहा कि मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। महेश साह स्वर्णकार है। उसने आभूषण की सफाई के लिए लाइसेंसी दुकान से तेजाब खरीदी थी, जो उसके घर में रखी थी। इसका ही इस्तेमाल हमले में हुआ है। घायल रंजीत ने आरएस थाना में आवेदन देकर चार नामजद व तीन अज्ञात को आरोपित किया है। इनमें मुख्य आरोपित महेश साह, पिता सुरेंद्र साह, मां अमेरिका देवी और भाई डब्लू साह शामिल हैं। पुलिस ने महेश साह, सुरेंद्र साह, अमेरिका देवी और आरोपित की बहन रोनी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।