प्रो रेसलिंग लीग में हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को कड़े और उतार- चढ़ाव से भरे फाइनल में 5-4 से हरा कर चैम्पियन का ताज अपने नाम किया. आठ बाउट्स के बाद स्कोर 4-4 से बराबर था व फैसला अंतिम 62 किलोग्राम महिला बाउट में हुआ, जहां पेरिस ओलम्पिक रजत पदक विजेता इरीना कोलियादेंको ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए टेक्निकल सुपीरियॉरिटी से जीत दर्ज की।
उनकी इस निर्णायक जीत ने हरियाणा को 5-4 की यादगार सफलता दिलाई और लीग इतिहास के सबसे रोमांचक फाइनल में से एक का समापन किया। रविवार की शाम नोएडा के इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रो रेसलिंग लीग के हरियाणा थंडर्स को पीडब्ल्यूएल 2026 ट्रॉफी के साथ 1.5 करोड़ की पुरस्कार राशि मिलेगी, जबकि उपविजेता दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 75 लाख प्राप्त होंगे. व्यक्तिगत पुरस्कारों में दिल्ली दंगल वॉरियर्स के तुरान बायरामोव को 57 किलोग्राम पुरुष वर्ग में 7 में से 7 बाउट जीतकर कुल 59 अंक जुटाने के लिए 2.5 लाख की राशि वाला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट पुरस्कार दिया गया।
प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हरियाणा थंडर्स की नेहा सांगवान को अंतिम बाउट तक मुकाबले को जीवित रखने के लिए मिला, जबकि 125 किलोग्राम मेल कैटेगरी में बेहरतर प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली दंगल वॉरियर्स के रोनक को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया. 57 किग्रा पुरुष वर्ग में प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए हरियाणा थंडर्स की अक्षय धेरे को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का सम्मान मिला।
