
दानापुर से लापता एक किशोरी के मामले में चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ है। वह मानव तस्कर गिरोह का शिकार हुई थी। गिरोह ने मदद के नाम पर उसे भरोसे में लिया और डरा धमकाकर राजस्थान के एक व्यक्ति से जबरन शादी करा 1.50 लाख में बेच दिया था। दानापुर पुलिस किशोरी को राजस्थान से सकुशल मुक्त कराने के साथ ही मानव तस्करी में संलिप्त महिला समेत पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस तब दंग गई रह गई जब पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह छह माह में दस लड़कियों का इसी तरह अपहरण का चुका है। इधर, एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बेताया कि आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह छह माह में दस महिलाओं का अपहरण कर चुका है। एक विशेष टीम का गठन किया गया है। सरगना की पहचान कर ली गई हैं, जो रोहतास का रहने वाला है। गिरोह के शामिल अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही अन्य अपहृत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पाटलिपुत्र थाना पुलिस के हत्थे भी चढ़ा तस्कर गिरोह इस गिरोह का नेटवर्क सिर्फ मध्यप्रदेश, राजस्थान और बिहार तक ही नहीं, बल्कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश से भी जुड़ा है। गिरोह चेन बनाकर काम करता है। रेलवे स्टेशन के आसपास वैसी किशोरी या लड़कियों को निशाने पर लेता था, जो किसी मजबूरी में फंसी हो या उनके हाल अच्छे न हो। मई 2023 में भी पटना जंक्शन से दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया था और एक महिला को उनकी चंगुल से मुक्त कराया गया था। दोनों तस्कर मध्य प्रदेश के थे। महिला की तस्करी के बदले उन्हें 2.37 लाख मिले थे। महिला लखीसराय की रहने वाली थी। इसी तरह वर्ष 2023 में ही पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की एक किशोरी पटना जंक्शन पर मानव तस्कर गिरोह के चंगुल में फंस गई थी। उसे राजस्थान के व्यक्ति के हाथों बेच दिया गया था। पुलिस ने राजस्थान से उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया, जिससे उसकी शादी कराई गई थी।