मोकामा पुलिस ने असम से बांस लदे ट्रक में छुपाकर लाए जा रहे गांजा की एक बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में चालक सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। ट्रक के केबिन से 40 पैकेट में भरा 398 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये है।
आरोपितों की पहचान उत्तराखंड निवासी बिंदर सिंह, लाल सिंह और सालिमपुर के टिंकू कुमार के रूप में हुई है। बिंदर सिंह व लाल सिंह भाई हैं। गांजा को बख्तियारपुर में खपना था। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि आरोपित कहां से गांजा ला रहे थे और तस्कर गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं। एसपी ग्रामीण कुंदन कुमार ने बताया कि जिसे गांजा सौंपा जाना था उसकी
पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापे मार रही है।
मोकामा पुलिस को आठ मार्च की रात सूचना मिली थी कि गांजा तस्कर असम सेट्रक में भरकर गांजा की खेप बिहारला रहे हैं। वे मोकामा के रास्ते बख्तियारपुर
जाने वाले हैं। इसकी जानकारी के बाद मोकामा थाना और एसआईयू की टीम ने मोकामा के इथेनॉल फैक्ट्री फोरलेन के पास बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। उत्तराखंड नंबर का ट्रक आने पर पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा
किया गया। लेकिन चालक ट्रक को ना रोक उसे तेजी से भगाने लगा। बाद में पुलिस ने पीछा कर ट्रक को रुकवाया और उसमें सवार तीन लोगों को धर दबोचा। उनकी पहचान तस्कर बिंदर सिंह, लाल सिंह और चालक टिंकू कुमार के रूप में हुई।
नकद और तीन मोबाइल भी किए जब्त : पुलिस ने ट्रक की तलाशी
ली तो पाया कि उसमें बांस लदा हुआ है। बाद में चालक के केबिन में बने बॉक्स में छुपाकर रखे गांजा के चालिस पैकेट बरामद किए गए। उन पैकेट में करीब 400 किलो गांजा था। वहीं, आरोपितों के पास से 2670 रुपये और तीन मोबाइल जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे असम से गांजा लेकर आए थे।
