रूपसपुर थाना क्षेत्र के गोला रोड में गुरुवार की सुबह ट्रांसफार्मर के आसपास कई फुटपाथी दुकानें जल गईं। आग से बिजली का बंच केबल और टेलीकाम कंपनियों के वायर जलने से आवश्यक सेवाएं प्रभावित रहीं। आग की लपटें देख सुबह टहलने वाले लोगों ने डायल 112 को सूचना दी।
तब तक चाय दुकान के साथ रूई और चिकेन की दुकानें जल गईं। सुबह 6.08 बजे छोटी दमकल पहुंची तो इंजन स्टार्ट करने में कर्मियों को पसीने बहाना पड़ा। हालांकि, 6.10 बजे बड़ी दमकल पहुंचने लगी। बाद में हाईड्रोलिक प्लेटफार्म भी पहुंच गया तब तक चार दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार नट के अनुसार, चाय की दुकान में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लगी थी। दुकानदार आग बुझाने का प्रयास किया तब तक आग फैल गई। बगल में रूई की दुकान और चिकेन दुकान के साथ बिजली के बंच केबल को नुकसान पहुंचा। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए शाम 5.00 बजे तक कर्मी डटे रहे। इस दौरान कई इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आग ऐसे समय में लगी थी जब बच्चों को स्कूल जाना था।
