February 11, 2026
fire

आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुरी में शहीद भगत सिंह पथ पर स्थित चंद्रमणि उत्सव हॉल और उससे सटे एक कबाड़ी गोदाम में मंगलवार की सुबह अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग सुबह करीब 6:30 बजे सबसे पहले कबाड़ी गोदाम में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उससे सटे चंद्रमणि उत्सव हॉल को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही नजर आने लगा। सूचना मिलते ही पटना सिटी फायर स्टेशन और कंकड़बाग फायर स्टेशन से लगभग एक दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उत्सव हॉल के एक कर्मचारी ने बताया कि हाल में फिलहाल कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था, लेकिन मंगलवार के लिए बुकिंग कराई गई थी। सौभाग्य से आग सुबह के समय लगी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मौके पर मौजूद फायर स्टेशन ऑफिसर गयानंद सिंह ने बताया कि आग लगभग पूरी तरह बुझा ली गई है। बची हुई चिंगारियों और दोबारा आग लगने की आशंका को खत्म करने के लिए जेसीबी से मलबा हटाकर पानी डाला जा रहा है। इस अग्निकांड में चंद्रमणि उत्सव हॉल का अगला हिस्सा, जनरेटर और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि किसी व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटा है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *