March 22, 2026
abab

तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बंगाल के विकास को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बंगाल हमेशा से देश को दिशा दिखाता आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ’10 प्रतिज्ञाओंÓ को राज्य की जनता की जरूरतों, आकांक्षाओं और वास्तविकताओं से जुड़ा एक मजबूत विजन बताया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ये प्रतिज्ञाएं केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि एक स्पष्ट रोडमैप हैं, जो समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। 
उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और अवसर देने की दिशा में यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य हर परिवार को पक्का घर और पाइप के जरिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के घर तक पहुंचाने के लिए दुआरे चिकित्सा जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े। अभिषेक बनर्जी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार की पहल का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि छात्रों को बेहतर वातावरण और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को भी नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके।अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह विजन केवल कागजों पर नहीं बना है, बल्कि यह जनता के साथ लगातार संवाद और उनके अनुभवों से निकला है। उन्होंने इसे करुणा और महत्वाकांक्षा का संतुलित मिश्रण बताते हुए कहा कि यह बंगाल को एक प्रगतिशील और समावेशी भविष्य की ओर ले जाएगा। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की कि वे इस विजन को जमीन पर उतारने में सहयोग करें और ममता बनर्जी के नेतृत्व को और मजबूत बनाएं, ताकि राज्य के विकास की गति और तेज हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *