बुंदेलखंड थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक की शाखा में सोमवार को एक युवक ने बैंक मैनेजर पर मिर्ची पाउडर फेंक चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में मैनेजर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की और हमलावर को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, यूनियन बैंक की शाखा में बैंक मैनेजर अभय कुमार कार्य कर रहे थे। उस वक्त बैंक में कोई पुलिस या सुरक्षा कर्मी नहीं था। इसी बीच निजी आधार सेवा केंद्र चलाने वाला युवक गौतम कुमार उनके केबिन में अचानक घुसा और किसी बात पर बहस करने लगा।
इसके बाद गौतम ने उनके मुंह पर पहले मिर्ची पाउडर फेंका फिर चाकू से हमला कर दिया। उसने मैनेजर के सिर और अन्य स्थानों पर चाकू से वार किया जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस बीच बैंक के अन्य कर्मी और ग्राहकों ने हमलावर गौतम को दबोच लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस वालों ने हमलावर युवक को हिरासत में ले लिया है। चाकू भी जब्त कर लिया गया है। सदर एसडीपीओ 01 हुलास कुमार का कहना है कि अवैध उगाही में निजी आधार सेवा केंद्र चलाने वाले गौतम कुमार को बैंक मैनेजर ने हटा दिया था, जिससे नाराज होकर वह बैंक पहुंचा और मैनेजर पर चाकू से हमला कर दिया।
