March 7, 2026
l88320260306095950

निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ इन दिनों सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। साल 2023 में रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी’ की सफलता के बाद इसका दूसरा भाग दर्शकों के बीच लाया गया है। हालांकि, फिल्म में पहली किस्त की मुख्य अभिनेत्री अदा शर्मा की अनुपस्थिति ने प्रशंसकों को चौंका दिया। अब अभिनेत्री ने सीक्वल में नजर न आने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

एक कार्यक्रम के दौरान अदा शर्मा ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन्हें उन फिल्मों के बारे में बात करना पसंद है, जिनमें वह काम करती हैं। उन्होंने कहा, “जब मैं किसी फिल्म का हिस्सा नहीं होती, तो मुझे लगता है कि सिर्फ सुर्खियों में आने के लिए उसके बारे में बोलना सही नहीं है।” अभिनेत्री ने आगे कहा कि उन्हें सीक्वल का प्रस्ताव मिला या नहीं, यह फिल्म निर्माताओं और कलाकार के बीच की निजी बात है और इस पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं होनी चाहिए।

फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर अदा ने कहा कि दर्शकों का प्यार ही उनके लिए सबसे अहम है। उन्होंने कहा, “मेरे दर्शक मुझे बहुत प्यार करते हैं और हर फिल्म में देखना चाहते हैं। मेरी पहली फिल्म ‘1920’ से लेकर ‘द केरल स्टोरी’ तक मुझे अलग-अलग किरदार निभाने का मौका मिला है।”

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ ने रिलीज के पहले सप्ताह में करीब 22.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ ने अपने पहले सप्ताह में 81.14 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। ऐसे में कमाई के मामले में सीक्वल पहली किस्त से काफी पीछे नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *