
टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुहीपुर मुहल्ला स्थित अखाड़ा मैदान में गुरुवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतक 19 वर्षीय गोलू कुमार भलुहीपुर निवासी वकील यादव के पुत्र थे। मृतक को कुल छह गोलियां मारी गई हैं। गोलू यादव अपने भाई दीपक के साथ अखाड़ा मैदान में क्रिकेट खेलने गया हुआ था। उसी दौरान आरोपितों ने उसे गोलियों से भून दिया गया। उसके भाई दीपक ने भागकर जान बचाई।
प्रारंभिक जांच में इस घटना को पुरानी रंजिश एवं प्रेम संबंध से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। घटनास्थल से पिस्टल का एक खोखा बरामद किया गया है। सदर एएसपी परिचय कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
मृतक के पिता वकील यादव ने मोहल्ले के लाला यादव, विवेक यादव, पंकज यादव, छोटू यादव, दिनेश यादव एवं बच्चू यादव सहित सात नामजद एवं दो अज्ञात के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी कराई है। इन पर पूर्व में धमकी देने और हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना सुबह साढ़े दस बजे के आसपास की है। इधर, एसपी राज ने बताया कि एक दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था।