अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के गोवासा-शेखपुरा जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन अंबुजा फैक्ट्री के समीप सोमवार की दोपहर लगभग 12 बजे बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से अफरातफरी मच गई। मृतक की पहचान पंडारक थाना क्षेत्र के निवासी 36 वर्षीय अमृत कुमार उर्फ करू के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर अमृत कुमार अपनी बाइक से कहीं जा रहा था।
इसी दौरान पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उसकी बाइक रोक दी। निर्माणाधीन अंबुजा फैक्ट्री के समीप अपराधियों ने बाइक रोकते ही अमृत पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी,
जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर खून से लथपथ
शव और लावारिस अवस्था में पड़ी मोटरसाइकिल को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से युवक की बाइक बरामद हुई, जिसके नंबर के आधार
पर पुलिस ने शव की पहचान की और स्वजन को सूचित किया।
सोमवार को ही पंडारक निवासी और जदयू नेता बवन शर्मा का ब्रह्मभोज कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यक्रम तय था। सीएम की सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। एक तरफ मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी और दूसरी तरफ हत्या की गुत्थी सुलझाने का दबाव था।
