जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया में शुक्रवार की देर शाम मकान के तीसरी मंजिल पर आग लग गई। चपेट में आने से चौकी पर सो रही 65 वर्षीय मालती देवी की जलकर मौत हो गई। वह लकवाग्रस्त होने की वजह से चलने में असमर्थ थीं। उसी तल पर सबसे पीछे के कमरे में पति टीवी देख रहे थे। उनको भनक तक नहीं लगी। बेटा और बहू बच्चे के साथ बाजार गए थे। आसपास के लोगों ने जक्कनपुर थाने और फायर विभाग को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ी पहुंचती, आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। घटनास्थल पर दमकल की पांच गाड़ियां पहुंची थीं। संभावना जताई जा रही है कि मच्छर के क्वाइल के कारण ही उनके बिस्तर में आग लगी होगी। जक्कनपुर प्रभारी थानेदार मनीष कुमार ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पटना जंक्शन के करबिगहिया छोर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने सेवानिवृत्त आईटीआई कर्मी बलिराम चौधरी का तीन मंजिला मकान है। मकान के तीसरे तल के बालकनी में चौकी पर उनकी पत्नी मालती देवी सो रहीं थीं। कुछ साल पहले उन्हें पैरालिसिस अटैक आया था। इसके बाद से वह बिना किसी सहारे के बेड से उठ नहीं पातीं हैं। इसी बीच मालती देवी की चौकी के पास आग लग गई। आग की चपेट में आने से बिस्तर के साथ वह भी जल गईं। मकान की दूसरी तरफ सड़क है। बालकनी से आग की लपटें उठती देख सड़क के दूसरे छोर में रहने वाले दुकानदार अजय कुमार शोर मचाने लगे। आसपास के लोग जुट गए। कोई बाल्टी तो कोई पाइप से पानी की बौछार करने लगा। फायर विभाग को भी सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह झुलसने मृत्यु हो चुकी थी।
