गया में डेल्हा थाना क्षेत्र की लोको कालोनी में शुक्रवार की सुबह 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश की घेरेबंदी के दौरान पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। अंततः पुलिस की गोली से बदमाश प्रह्लाद मांझी उर्फ पगला मांझी जख्मी होकर गिर पड़ा, इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। गोली उसके पैर में लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि प्रह्लाद मांझी जिले के टाप-10 में बदमाशों में शामिल है। उसपर मुफस्सिल थाने में लूट, हत्या, पुलिस पर हमला, हत्या का प्रयास जैसे 10 संगीन मामले दर्ज हैं।
