पटना पुलिस ने होली से पहले मनेर में एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने रविवार रात हुलासी टोला गांव के पास एक बगीचे से आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये अपराधी किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं और बगीचे में मीट, मुर्गा व शराब की पार्टी कर रहे हैं। दानापुर एसडीपीओ एके झा और मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर इन सभी को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अपराधियों में मनतेश और बिट्टू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। हुलासी टोला निवासी मनतेश 2023 में मनेर नगर परिषद के अध्यक्ष विद्याधर विनोद के घर पर फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। बिट्टू पर भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस सभी गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है और अन्य अपराधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पटना के सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सोमवार को प्रेस वार्ता कर अन्य अपराधियों के नामों का खुलासा करेंगे।
